Bihar

भोजपुरी गाने पर हथियार लहराकर महिला ने बनाई रील, वायरल होते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

दरभंगा (DARBHANGA) : सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज़ पाने की चाह में बनाई गई एक रील दरभंगा की एक महिला के लिए बड़ी मुसीबत बन गई. जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने भोजपुरी गाने पर हाथ में पिस्टल लेकर डांस करते हुए रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. वीडियो वायरल होते ही पुलिस की नजर उस पर पड़ गई और जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया.

महिला के घर पर छापेमारी

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो का सत्यापन कराया गया, जिसमें महिला की पहचान सिरसिया गांव निवासी लाखो देवी के रूप में हुई. इसके बाद एसडीपीओ बिरौल के निर्देश पर घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिला के घर पर छापेमारी की.

कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं

तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और कुछ नकदी बरामद की. बरामद हथियार के संबंध में महिला कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी. इसके बाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

एक आपराधिक मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद पिस्टल कहां से लाई गई थी और इसका इस्तेमाल पहले किन गतिविधियों में किया गया. हथियार की खरीद, सप्लाई और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है.

कानूनी कार्रवाई की जाएगी

एसडीपीओ बिरौल प्रभाकर तिवारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है. ऐसे मामलों में पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और जो भी व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि लाइक और फॉलोअर्स की चाह में कानून का उल्लंघन न करें. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और यह मामला सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करने वालों के लिए एक बड़ा संदेश माना जा रहा है.

 

TagsBihar