☰
Bihar

बिहार : घर में चल रही थी शादी की तैयारी, पेड़ से मिला युवक का शव, गांव में मातम का माहौल

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

दरभंगा: दरभंगा में एक युवक का शव पेड़ में लटका मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. वहीं पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी. घटना रैयाम मुख्य सड़क पर नयागांव और रजोरा चौक के बीच की है जहां एक पेड़ से युवक का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान स्थानीय रौशन यादव के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि मृतक की 26 नवंबर को शादी होने वाली थी. युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी मिलने के बाद रैयाम पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की. इसी दौरान वहां मौजूद आक्रोशित लोगों ने शव को वाहन से उतारकर बीच सड़क पर रख दिया और सड़क जाम कर दिया. बताया जाता है कि रौशन यादव रजौड़ा गांव में सूर्य पूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम देखने गया था. इसके बाद उसका शव सड़क किनारे आम के पेड़ से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.

हालांकि अभी युवक की मौत के कारण का पता नहीं चला है. फिलहाल पुलिस हत्या या आत्महत्या के एंगल से मामले की जांच में जुट गई है. शादी की तैयारियों के बीच युवक की मौत से पूरे इलाके में मातम का माहौल हो गया.

 

TagsBihar