दरभंगा (DARBHANGA): जिले से पारिवारिक विवाद की खबर सामने आ रही है जिसने सबको हैरान कर दिया है. अगर अपने परिवार के लोग ही एक दूसरे के दुश्मन बन जाएंगे तो बाकियों से क्या उम्मीद की जा सकती है. दरअसल, यह घटना जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव की है जहां पुरानी रंजिश में एक चचेरे भाई ने अपने ही चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. दीपावली की रात कुमुद ठाकुर ने घर में घुसकर 55 वर्षीय काशीकांत ठाकुर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. सीने में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
क्या है मामला
हैरानी की बात यह है कि हत्या करने से पहले आरोपी ने गांव में अपने करीब 5 से 6 रिश्तेदारों के घर जाकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन आरोपी के खौफ से किसी ने दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद वह शशिकांत ठाकुर के घर पहुंचा. वहां मुख्य दरवाजा खुला था और काशीकांत आंगन में बैठे हुए थे. आरोपी ने मौका मिलते ही उन पर गोलियां बरसा दीं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार होने लगा, लेकिन करीब दो किलोमीटर दूर बहेड़ा थाना क्षेत्र के मलौल गांव में एक व्यक्ति को टक्कर मारने के बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की और बांध दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया.
पिस्टल, खोखा और 40 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्टल, खोखा और 40 जिंदा कारतूस के अलावा बुलेटप्रूफ जैकेट जैसी सुरक्षा पोशाक, हेलमेट और ग्लव्स बरामद किए हैं. परिजनों और ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी के निशाने पर 5 से 6 लोग थे. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
हत्या के पीछे की वजह
वहीं, इस हत्याकांड के पीछे करीब पांच साल पुरानी रंजिश बताई जा रही है. आरोप है कि कुमुद ठाकुर पिछले एक साल से काशीकांत को जान से मारने की धमकी दे रहा था. करीब चार महीने पहले खेत में पिस्टल दिखाकर भी धमकाया था. इसके बाद मृतक ने बिरौल थाने में आवेदन देकर अपनी जान को खतरा बताया था.
SDPO बिरौल प्रभाकर तिवारी का बयान
इस मामले में SDPO बिरौल प्रभाकर तिवारी ने बताया कि पूर्व में हत्या की धमकी को लेकर थाने में आवेदन दिया गया था. उस आवेदन पर क्या कार्रवाई हुई और कार्रवाई हुई भी या नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है. जांच में यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. इधर, मृतक के परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. दीपावली के त्योहार के बीच इस हत्या से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं. अब पुलिस के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं—एक तरफ हत्या और हथियारों के स्रोत की जांच, तो दूसरी तरफ पहले दी गई शिकायत पर हुई कार्रवाई की सच्चाई सामने लाना.
