पटना: दुर्गा पूजा और दिवाली के खत्म होने के बाद अब बिहार में महापर्व छठ की तैयारी जोरों पर शुरू हो गई है. इसके साथ ही दूसरे राज्यों से छठ मनाने अपने घर आने वाले प्रवासी बिहारी की संख्या में भी काफी बढ़ोतरी हो रही है. आलम यह है कि ट्रेन और हवाई जहाजों में सीटें कम पड़ रही हैं. विशेष ट्रेनें और बिहार सरकार के द्वारा बस चलाए जाने के बावजूद लोगों को जगह नहीं मिल रही. इसके साथ ही अब रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है. आलम यह है कि स्टेशनों पर पैर रखने की जगह भी नहीं है. यह आलम सिर्फ उन शहरों में ही नहीं है जहां से लोग आ रहे हैं बल्कि बिहार के विभिन्न स्टेशनों का भी यही हाल है. लोगों की भीड़ को देखते हुए ट्रेनों में तो अब टिकट भी नहीं मिल रहा वहीं दूसरी तरफ हवाई जहाज का किराया इतना अधिक हो गया है कि विदेश जाना अब सस्ता लगने लगा है.
कई ट्रेनों में काउंटर टिकट बुकिंग भी बंद
सबसे विकट स्थिति दिल्ली और आसपास के स्टेशनों से बिहार के विभिन्न शहरों को जाने वाली ट्रेनों में देखने को मिल रही है. दिल्ली से बिहार आने वाली सभी ट्रेनों में नो रूम जैसी स्थिति देखी जा रही है वहीं विशेष ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट लंबी हो गई है. यह स्थिति सिर्फ दिल्ली से बिहार आने वाली ट्रेनों में ही नहीं दिख रही बल्कि मुंबई, बैंगलोर, पंजाब के विभिन्न शहरों समेत अन्य शहरों से बिहार आने वाली ट्रेनों में भी दिख रही है. लोगों की भीड़ की वजह से कई ट्रेनों के लिए टिकट की बिक्री अब काउंटर से भी बंद कर दी गई है. वहीं सभी प्रमुख स्टेशनों पर लोगों की भीड़ देखते हुए प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री भी रोक दी गई है.
कई विशेष ट्रेनें चलाई जा रही
हालांकि छठ पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी कई बड़े कदम उठाए हैं. एक तरफ कई विशेष ट्रेनें चलाई गईं हैं तो दूसरी तरफ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा रहे हैं. बिना रिजर्वेशन यात्रा करने वाले आम यात्रियों की सुविधा के लिए कई रूटों पर अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी पटरी पर उतारी गई हैं. यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों पर आम लोगों के प्रवेश को पूरी तरह रोक लगा दी गई है. प्लेटफॉर्म पर आने वाले यात्री और टिकटधारी यात्रियों को ही जाने दिया जा रहा है.
हवाई जहाज का किराया भी आसमान में
दिल्ली, कोलकाता, बैंगलोर और मुंबई जैसे शहरों से बिहार आने वाली सभी ट्रेनों में टिकट फुल है. कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है वहीं जिस ट्रेन में टिकट की बुकिंग संभव है उसमें भी वेटिंग लिस्ट 100 या उसके पार है. वहीं दूसरी तरफ हवाई जहाज का किराया भी आसमान के बराबर है. दिल्ली से पटना आने वाली हवाई जहाजों का किराया 12 हजार रुपए से 30 हजार रुपए तक पहुंच गया है वहीं मुंबई से पटना तक का हवाई किराया 20 से 30 हजार रुपए तक है. बेंगलूर से पटना का भी लगभग यही आलम है और हवाई किराया 15 हजार से 30 हजार के आसपास है.
विदेश यात्रा सस्ती
बात की जाए विदेश जाने की तो दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू तक का हवाई किराया महज 8 हजार रूपये, बांग्लादेश की राजधानी ढाका के लिए करीब साढ़े 9 हजार रहोगे और बैंकॉक का किराया 17 हजार के आसपास ही है. वहीं दिल्लीनौर और अन्य शहरों से दरभंगा एयरपोर्ट तक का हवाई किराया भी 18 हजार से अधिक ही है. जबकि पूर्णिया के लिए भी 12 हजार या उससे अधिक का किराया है.
200 बसें भी चलाई जा रही
ट्रेन में भीड़ और हवाई किराया आसमान में देखते हुए बिहार सरकार ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, झारखंड और पश्चिम बंगाल से 200 विशेष बसों का परिचालन शुरू किया है. इन बसों के किराए में भी राज्य सरकार ने 30 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है. इसके साथ ही कई शहरों से लोग ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से कैब या टैक्सी भी बुक कर बिहार पहुंच रहे हैं.
बढ़ाई जा सकती है ट्रेन
छठ पर्व को लेकर बढ़ती भीड़ के मद्देनजर पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चन्द्र ने कहा कि भीड़ के मद्देनजर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. प्रमुख स्टेशनों पर क्राउड मैनेजमेंट भी की है तथा अगर आवश्यकता हुई तो ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. वहीं बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पटना सहित राज्य के सभी प्रमुख जिलों से अंतरराज्यीय बस परिचालन किया जा रहा है. यात्रियों की सुविधा के लिए 30 किराया में 30 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है. बाहर से आने वाले लोगों को इसका लाभ जरूर लेना चाहिए.