जहानाबाद(JAHANABAD): बिहार में आए दिन अपराध और दबंगई का मामला सामने आते रहता है जहां अपराधी कभी पुलिस पर सीधे बंदूक ताने दिखाई देता है तो कभी कोई अपराधी खुलेआम धमकी देता है. ऐसा ही मामला काको थाना क्षेत्र के लोहा बीघा गांव के पास से सामने आया है. जहां तीन हथियारबंद युवकों का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमे युवक अपने हाथ में हथियार लेकर लहरा रहा है. जिसके बाद ग्रामीणों में डर का महौल बन गया है.
तीन युवक खुलेआम हथियार लहराते हुए सड़क पर घूमते नजर आए और वहां मौजूद ग्रामीणों को धमकाने लगे. इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर फायरिंग भी की, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अचानक हुई इस घटना से लोग अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. युवकों की हरकतें काफी देर तक जारी रहीं और उन्होंने खुलेआम दहशत का माहौल बना दिया. घटना के बाद लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं.
इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है. वीडियो सामने आने के बाद काको थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूछताछ भी की जा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग किस वजह से की गई थी और इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. हालांकि पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है.