Bihar

बिहार में गंडक का बढ़ा खतरा? वाल्मीकिनगर पहुंचे CM सम्राट चौधरी, बोले- हालात पर पैनी नजर

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

वाल्मीकिनगर (BIHAR): नेपाल में हुई तबाही के बाद बिहार में गंडक नदी से जुड़े इलाकों को लेकर प्रशासन की सतर्कता बढ़ गई है. संभावित खतरे और बदलते हालात के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वाल्मीकिनगर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. सर्वेक्षण के बाद उन्होंने कहा कि फिलहाल परिस्थितियों के सामान्य बने रहने की संभावना है, हालांकि खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है.

प्रशासनिक टीम पूरी तरह सतर्क 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सरकार और प्रशासन किसी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहे हैं. गंडक से प्रभावित होने की आशंका वाले क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है. संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके. उन्होंने संकेत दिया कि अभी स्थिति पहले की तुलना में राहत देने वाली है, लेकिन जब तक संभावित खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता तब तक निगरानी जारी रहेगी.

खतरा कम हुआ, लेकिन पूरी तरह टला नहीं 

वाल्मीकिनगर में स्थिति का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि खतरा जरूर कम हुआ है, मगर इसे पूरी तरह समाप्त नहीं माना जा सकता. नेपाल में बने हालात का प्रभाव गंडक नदी और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों पर पड़ने की आशंका को देखते हुए सरकार लगातार परिस्थितियों का आकलन कर रही है. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि हालात सामान्य हो जाएंगे और किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह तैयार है और स्थिति में किसी भी बदलाव पर तुरंत कदम उठाए जाएंगे.

गंडक के इलाकों पर विशेष नजर 

नेपाल से आने वाले पानी के कारण गंडक नदी से जुड़े बिहार के इलाकों में स्थिति महत्वपूर्ण बनी हुई है. इसी वजह से वाल्मीकिनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन का फोकस संभावित जोखिम वाले इलाकों में समय रहते आवश्यक कदम उठाने पर है. मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भगवान की कृपा से संभावित खतरा टल जाएगा और जल्द ही परिस्थितियां पूरी तरह सामान्य हो जाएंगी.

TagsBihar