BIHAR NEWS : बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ उठा रहे लाखों लोगों के लिए जीवन प्रमाणीकरण कराना जरूरी हो गया है. राज्य में बड़ी संख्या में ऐसे पेंशनधारी हैं जिनका लाइफ सर्टिफिकेट अभी तक पूरा नहीं हुआ है. अब सरकार ने इसके लिए 30 सितंबर 2026 तक का समय दिया है. निर्धारित अवधि में सत्यापन नहीं होने की स्थिति में संबंधित लाभार्थी के पेंशन भुगतान पर असर पड़ सकता है.
17 लाख से ज्यादा लाभार्थियों का सत्यापन लंबित
बिहार में पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसके बावजूद राज्य में 17 लाख 19 हजार 414 लाभार्थियों का सत्यापन लंबित बताया गया है. इसे देखते हुए जिलों और प्रखंडों के अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन लंबित लाभार्थियों की सूची प्रखंड स्तर पर उपलब्ध करा रहा है ताकि उनकी पहचान कर समय रहते प्रमाणीकरण कराया जा सके.
मुजफ्फरपुर में एक लाख से अधिक मामले बाकी
मुजफ्फरपुर में 1 लाख 3 हजार 144 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है. जिले में मुशहरी प्रखंड की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है, जहां 13 हजार 633 लाभार्थियों का सत्यापन बाकी बताया गया है.जिलाधिकारी कुमार गौरव ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों को विशेष अभियान चलाने और शिविरों के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा पेंशनधारियों का प्रमाणीकरण कराने का निर्देश दिया है.
हर महीने मिलती है 1100 रुपये पेंशन
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के पात्र लाभार्थियों को हर महीने 1100 रुपये की पेंशन बैंक खाते में दी जाती है. जीवन प्रमाणीकरण से यह पुष्टि होती है कि योजना की राशि वास्तविक और जीवित लाभार्थी तक पहुंच रही है. इसी कारण पेंशन जारी रखने के लिए समय-समय पर सत्यापन आवश्यक है. 38 जिलों से संबंधित आंकड़ों के मुताबिक पटना में करीब 1.37 लाख पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है. इसके बाद मुजफ्फरपुर का स्थान है, जबकि गयाजी में भी लगभग एक लाख लाभार्थियों का सत्यापन बाकी है.दूसरी ओर, शेखपुरा में लंबित मामलों की संख्या करीब 3600 है, जो अन्य जिलों की तुलना में काफी कम है.
30 सितंबर से पहले पूरा कराएं सत्यापन
प्रखंड स्तर पर विशेष शिविरों के जरिए लंबित मामलों को तेजी से पूरा करने की तैयारी है. अधिकारियों को अभियान की प्रगति की निगरानी करने और नियमित रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं. ऐसे में जिन पेंशनधारियों ने अभी तक अपना जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है उनके लिए 30 सितंबर 2026 से पहले प्रक्रिया पूरी कराना महत्वपूर्ण है ताकि पेंशन भुगतान में किसी तरह की परेशानी न आए.
