पटना: बिहार अब धीरे धीरे ठंड की एंट्री होने लगी है. वर्तमान में जहां सुबह शाम ठंड महसूस हो रही है तो दिन चढ़ने के साथ ही धूप की गर्मी भी महसूस होती है. इस दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में ठंड बढ़ सकती है, साथ ही कोहरे का असर भी बढ़ सकता है, हालांकि रात के तापमान में अभी कोई खास बदलाव के संकेत नहीं हैं. उत्तर बिहार के अधिकतम जिलों जैसे कि पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया समेत अन्य जिलों में कोहरे का असर देखा जा सकता है. लेकिन दोपहर के वक्त धूप खिलने से मौसम सामान्य होने की संभावना है.
हालांकि मौसम विभाग ने एक बार फिर साइक्लोन के असर की आशंका जताई है. मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अकवान धीरे धीरे उत्तर पाश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. यह अगले दिनों में मजबूत हो सकता है जिसका असर बिहार के 13 जिलों में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि इन जिलों में 21 नवंबर को मौसम बिगड़ सकता है.
मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 19 नवंबर तक मजबूत हो सकता है और 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तूनी के बीच तट से टकरा सकता है. उस वक्त हवा की रफ्तार 120 से 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हो सकती है. धीरे-धीरे हवा के झोंके की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है. बिहार को लेकर यह संभावना जताई जा रही है कि चक्रवाती तूफान 'अकवान' से ज्यादा क्षति नहीं होगी. लेकिन 21 नवंबर को कुछ जिलों में मौसम बिगड़ने के साथ बारिश हो सकती है. दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में इसका असर रह सकता है.