Bihar

मोतिहारी में मामूली बात पर दो पक्षों में भिड़ंत, इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात, जानिए क्या है मामला

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

मोतिहारी (MOTIHARI): बिहार के मोतिहारी शहर में मामूली विवाद ने देखते ही देखते तनाव का रूप ले लिया. छतौनी थाना क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी के पास देर रात दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे. सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस के साथ पुलिस केंद्र से अतिरिक्त बल और वज्र वाहन को मौके पर भेजा गया. पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. फिलहाल इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है.

बच्चे को चोट लगने के बाद शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि देर शाम एक बच्चा साइकिल से अपने घर जा रहा था. इसी दौरान साइकिल से दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को हल्की चोट लग गई. आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने बच्चे की पिटाई शुरू कर दी. बच्चे को बचाने पहुंचे उसके परिजनों और आसपास के लोगों के साथ भी मारपीट की गई. मारपीट में एक ही पक्ष के कई लोग घायल हो गए. घायलों में एक ईपीएफओ अधिकारी भी शामिल हैं, जो छुट्टी में अपने घर आए हुए थे. उनके भाई, बहन और बहनोई के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है.

भीड़ जुटने से बिगड़ने लगा माहौल
घटना के बाद घायल पक्ष के समर्थन में स्थानीय लोग भी जुटने लगे. देखते ही देखते इलाके में तनाव बढ़ गया. इसी बीच कुछ लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया. सदर एसडीओ अरुण कुमार और सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस केंद्र से बड़ी संख्या में जवानों के साथ वज्र वाहन भी तैनात किया गया. पुलिस की मौजूदगी के बाद हालात काबू में आए.

आरोपियों के घर से लाठी-डंडे जब्त
पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों के घरों की तलाशी भी ली. इस दौरान लाठी-डंडे समेत कई सामान बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है. पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और फिलहाल क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील है. पीड़ित राजेश राम ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के कुछ युवक लगातार अराजक स्थिति पैदा कर रहे हैं. उनका कहना है कि कुछ लोग एक बच्चे को पीट रहे थे. उसे बचाने पहुंचे उनके भाई-बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सदर एसडीओ अरुण कुमार ने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि मौके पर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. वहीं सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

TagsBihar