Bihar

बप्पा को विदा करते वक्त नम हुईं चिराग पासवान की आंखें, भावुक पल ने खींचा लोगों का ध्यान

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

TNP DESK : मुंबई में गणपति उत्सव के समापन और विसर्जन के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का भावुक अंदाज देखने को मिला. गणपति बप्पा को विदाई देते समय वह अपने आंसू नहीं रोक सके. विसर्जन के दौरान चिराग पासवान की आंखें नम दिखाई दीं और वह कई बार अपने आंसू पोंछते नजर आए. उनके साथ टेलीविजन अभिनेता विशाल सिंह भी मौजूद थे. दोनों गुलाबी रंग के परिधानों में नजर आए और विसर्जन की रस्मों में शामिल हुए.

गणपति बप्पा को दी भावुक विदाई

गणपति उत्सव के दौरान श्रद्धालु कई दिनों तक भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करते हैं. विसर्जन के साथ बप्पा को अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ विदाई दी जाती है. यही विदाई का पल चिराग पासवान के लिए भी भावुक रहा. भगवान गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान वह काफी देर तक भावुक नजर आए. रिपोर्ट के अनुसार, विसर्जन की रस्म के दौरान चिराग पासवान और विशाल सिंह दोनों की आंखों में आंसू दिखाई दिए. इस दौरान आसपास कई अन्य लोग भी मौजूद थे और गणपति विसर्जन की प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे थे.

चर्चा में आया भावुक पल

चिराग पासवान वर्तमान में केंद्र सरकार में मंत्री हैं और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख हैं. राजनीति में आने से पहले वह फिल्म जगत में भी काम कर चुके हैं. गणपति विसर्जन के दौरान सामने आया उनका यह भावुक पल चर्चा का विषय बन गया.