पटना: लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार से शुरू हो रहा है और इस अवसर पर बिहार आने वाले प्रवासी लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. दूसरे राज्यों से पटना समेत बिहार के विभिन्न शहरों में आने वाली ट्रेनों में पहले से ही नो रूम की स्थिति बनी हुई है तो अब राज्य सरकार की तरफ से चलाई जा रही बसों की स्थिति भी लगभग वैसी ही है. दिल्ली, गुरूग्राम, अंबाला, रांची समेत अन्य शहरों से बिहार आने वाली बसों में भी टिकट के लिए मारामारी शुरू हो गई है बावजूद इसके लोगों को निराश हो कर लौटना पड़ रहा है. इतना ही नहीं राजधानी पटना समेत बिहार के अन्य शहरों से घर जाने वाले लोगों की भीड़ भी विभिन्न शहरों के बस स्टैंड पर देखी जा रही है.
दूसरे राज्यों में काम करने वाले लोग त्यौहार मनाने के लिए अपने घर पहुंच रहे हैं. इस वजह से दूसरे राज्यों से बिहार आने वाली ट्रेन और बसों में नो रूम तो है ही राजधानी पटना से अन्य शहरों में जाने वाली बसों में भी एडवांस बुकिंग की वजह से अब नो रूम होने लगा है. पटना से गुरुग्राम, दिल्ली और अंबाला जाने वाली बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में एडवांस बुकिंग के दौरान ही सभी टिकट बिक चुके हैं. इसी तरह टाटा, हजारीबाग और रांची जाने वाली बसों में भी सीटें उपलब्ध नहीं हैं. पानीपत से मधुबनी आने वाली बसों में भी वापसी के टिकट पूरी तरह फुल हो चुके हैं. प्रदेश के अन्य शहरों में आने वाली अंतरराज्यीय बसों में भी यात्रियों को जगह नहीं मिल रही है.
यह स्थिति सिर्फ बिहार राज्य परिवहन निगम की बसों में ही नहीं बल्कि निजी बसों में भी है. राजधानी पटना समेत अन्य शहरों से दूसरे राज्यों में जाने वाली बसों में छठ बाद लौटने के लिए अभी ही सीट फुल हो चुकी है. वहीं पर्व मनाने घर पहुंचने वाले लोगों की भी परेशानी कम नहीं हो रही.
मंगलवार को पटना जंक्शन पर दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों से ट्रेन से पहुंचे यात्रियों की भीड़ बस स्टैंड की ओर जाती दिखी. लोग पटना जंक्शन से उतरने के बाद मल्टी मॉडल हब और रामाचक बैरिया बस स्टैंड पहुंच रहे थे. दोनों जगह यात्रियों की भारी भीड़ जमा रही. कई रूटों पर बस के स्टैंड में प्रवेश करते ही सीट पकड़ने के लिए यात्रियों के बीच होड़ मचती दिखी. पटना से उत्तर बिहार जाने वाली बसों में यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ रही. खासकर दरभंगा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर जाने वाली बसों में सीट पाने के लिए लोग इंतजार करते दिखे. बैरिया बस स्टैंड पर उत्तर बिहार के रूटों के लिए बड़ी संख्या में यात्री जमा थे. छठ के कारण बढ़ी मांग का असर किराये पर भी दिखा. कई रूटों पर बस संचालक सामान्य किराये से डेढ़ गुना तक रकम मांगते नजर आये.