☰
Bihar

26 सितंबर को सफर से पहले देखें अपडेट, बिहार में कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

TNP DESK : बिहार में 25 और 26 सितंबर को रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. मोकामा के पास राजेंद्र पुल क्षेत्र में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण भारतीय रेलवे ने बड़ी संख्या में ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है. करीब 51 ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि लगभग 47 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है. ऐसे में यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन का मौजूदा स्टेटस और रूट जांचना जरूरी है.

नए रेल पुल को नेटवर्क से जोड़ने का काम

मोकामा और बरौनी के बीच गंगा नदी पर पुराने राजेंद्र पुल के समानांतर नया डबल-लाइन रेल पुल तैयार किया गया है. अब इसे अपर हाथीदह जंक्शन, रामपुर डुमरा, दिनकर ग्राम सिमरिया और बरौनी जंक्शन से जुड़े रेल नेटवर्क में शामिल करने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है. इस प्रक्रिया के कारण संबंधित रेलखंड पर सामान्य ट्रेन संचालन प्रभावित हुआ है. काम पूरा होने के बाद नए पुल पर ट्रेनों का परिचालन शुरू करने का रास्ता साफ होगा.

क्यों बनाया गया नया डबल-लाइन पुल?

करीब 1.9 किलोमीटर लंबा राजेंद्र रेल-कम-रोड पुल वर्ष 1959 से मोकामा और बरौनी के बीच महत्वपूर्ण संपर्क का काम कर रहा है. पुराने पुल पर केवल एक रेलवे लाइन होने के कारण इसकी क्षमता बढ़ाने की सीमाएं थीं. इसी समस्या को देखते हुए रेलवे ने 2015-16 के रेल बजट में लगभग 1491.47 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से समानांतर डबल-लाइन रेल पुल को मंजूरी दी थी. नए पुल के शुरू होने से इस व्यस्त रेलखंड की क्षमता बढ़ने और पुराने पुल पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है.

26 सितंबर को ये प्रमुख ट्रेनें प्रभावित

रेलवे की सूची में हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस, जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस, सहरसा-पटना इंटरसिटी, पटना-सहरसा इंटरसिटी, मुजफ्फरपुर-भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस, अजमेर-भागलपुर हमसफर और हावड़ा-दरभंगा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें शामिल हैं. इसके अलावा पुरी-पटना एक्सप्रेस, गोरखपुर-रांची एक्सप्रेस और दूसरी महत्वपूर्ण सेवाओं के परिचालन में भी बदलाव किया गया है.

47 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव

अमृतसर-हावड़ा मेल, ब्रह्मपुत्र मेल, महानंदा एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस, पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत और भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ जैसी कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है. डायवर्जन के कारण कुछ ट्रेनों का मोकामा, बाढ़ और अन्य निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव भी प्रभावित हो सकता है.

TagsBihar