☰
Bihar

यहां खांसी के इलाज में दी जाती है कुत्ता काटने की सुई, सदर अस्पताल प्रबंधन को नहीं है पता

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

सारण: एक तरफ राज्य की सरकार और स्वास्थ्य मंत्री मंत्री समेत पूरा महकमा बेहतर व्यवस्था बनाए जाने का दावा कर रहा है तो दूसरी तरफ सरकारी अस्पतालों के डाक्टरों की हरकत सवाल उठाने के लिए काफी है. ऐसा ही एक मामला सामने आया है सारण सदर अस्पताल से जहां खांसी का इलाज करवाने पहुंचे एक युवक को डॉक्टर ने एंटी रैबीज इंजेक्शन लेने की सलाह दे दी. यहां एक खास बात और है कि डॉक्टर की इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी नहीं है.

डॉक्टर नहीं सुन रहे थे परेशानी

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के साढ़ा मठिया निवासी राजेश चौधरी ने बताया कि वह खांसी का इलाज करवाने के लिए सदर अस्पताल पहुंचे थे. इस दौरान उन्हें मेडिसिन विभाग के कमरा संख्या 8 में भेजा गया. वहां मौजूद डॉक्टर को जब मैं अपनी परेशानी बता रहा था उस वक्त वह मेरी बात ठीक सुन भी नहीं रहे थे, और बीमारी की जानकारी लिए बगैर ही वह दवा लिख रहे थे, डॉक्टर ने पर्ची पर खांसी के बजाय कुत्ता काटने के बाद दिए जाने वाली सुई लिख दी.

अस्पताल प्रबंधन को नहीं है जानकारी

बताया जा रहा है कि सदर अस्पताल के मेडिसिन विभाग में इन दिनों नियमित फिजिशियन की कमी चल रही है जिसकी वजह से आयुष चिकित्सकों को इलाज की जिम्मेदारी दी गई है. मरीज के इलाज में लापरवाही की बात सामने आने के बाद लोगों में हड़कंप मच गया. वहीं इतनी बड़ी लापरवाही की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को नहीं है. इस संबंध में उपाधीक्षक डॉ केएम दुबे ने बताया कि अस्पताल प्रशासन को इस तरह की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी.

TagsBihar