Bihar

DEO कार्यालय में शिक्षिका पति की संदिग्ध मौत: CCTV फुटेज से सामने आई पूरी घटनाक्रम की तस्वीर

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

मोतिहारी (MOTIHARI) : पूर्वी चंपारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय परिसर में शिक्षिका के पति की हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. घटना के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी ने कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज को सार्वजनिक किया है. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि शिक्षिका रश्मि स्वराज अपने पति अरविंद कुमार के साथ कार्यालय पहुंचती हैं. शिक्षिका कार्यालय के अंदर चली जाती हैं, जबकि उनके पति बाहर एक पेड़ के पास खड़े रहते हैं.

रास्ते में उनकी मौत हो जाती है

कुछ देर बाद अरविंद कुमार को अचानक बेचैनी महसूस होती है. वह कुछ कदम आगे बढ़ते हैं और अचानक जमीन पर गिर पड़ते हैं. वहां मौजूद लोग और कार्यालय के कर्मचारी तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़ते हैं. उन्हें इलाज के लिए भेजा जाता है, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो जाती है.

11 जुलाई को हुई थी यह घटना

यह घटना 11 जुलाई को हुई थी. घटना के बाद शिक्षिका और शिक्षक संगठनों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और शिक्षा विभाग को इस मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया. शिक्षिका रश्मि स्वराज ने भी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए थे.

इस मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में कहीं भी किसी तरह की धक्का-मुक्की या विवाद की स्थिति नजर नहीं आती. फुटेज में स्पष्ट है कि अरविंद कुमार कार्यालय के बाहर खड़े थे और अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद वह गिर गए. उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने तुरंत उनकी मदद की और इलाज के लिए भेजा.

बकाया राशि भुगतान करने का आश्वासन

राजन गिरी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि शिक्षिका का नियमित वेतन पिछले एक वर्ष से मिलता रहा है. हालांकि वर्ष 2021 में नियुक्ति के बाद से चार वर्षों का एरियर भुगतान नहीं हुआ था. इस संबंध में संबंधित कर्मी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जल्द ही बकाया राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया है.

फिलहाल इस घटना को लेकर जांच और प्रशासनिक कार्रवाई जारी है, जबकि शिक्षिका अपने पति की मौत के लिए शिक्षा विभाग को जिम्मेदार बता रही हैं.