पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. राज्य में एक बार फिर बड़े पैमाने पर शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी शुरू हो गई है. BPSC TRE 4 के तहत 32 हजार से अधिक शिक्षक पदों पर भर्ती की जाएगी. इस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों के बीच आवेदन प्रक्रिया और चयन के तरीके को लेकर काफी उत्सुकता है.
32,388 पदों पर होगी नियुक्ति
TRE 4 के तहत कुल 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति प्रस्तावित है. अलग-अलग कक्षाओं और विषयों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं. इनमें माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के साथ अन्य शिक्षक पद भी शामिल हैं.
भर्ती में सबसे अधिक पद कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों के लिए बताए गए हैं. ऐसे में संबंधित विषयों की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है.
देखिए पदों की संख्या
कक्षा 1 से 5: 3847 पद
कक्षा 6 से 8: 8563 पद
कक्षा 9 से 10: 3877 पद
कक्षा 11 से 12: 16101 पद
1 सितंबर से आवेदन शुरू
BPSC TRE 4 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी. वहीं आवेदन की आखिरी तारीख 30सितंबर तक है. उम्मीदवार आवेदन शुरू होने से पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता, शिक्षक पात्रता और जरूरी दस्तावेज तैयार रखें.
आवेदन करते समय नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक विवरण और प्रमाणपत्रों की जानकारी सावधानी से भरना जरूरी होगा.
परीक्षा पैटर्न में किया गया बदलाव
अब बात करते हैं सबसे अहम सवाल की TRE 4 में शिक्षक बनने के लिए चयन कैसे होगा?
इस बार चयन प्रक्रिया को लेकर परीक्षा के चरणों में बदलाव की चर्चा है. इस बार अभ्यर्थियों को दो चरणों की लिखित परीक्षा से गुजरना होगा.
पहले प्रारंभिक परीक्षा यानी PT होगी. इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थी ही मेंस परीक्षा में शामिल हो पाएंगे. अभ्यर्थियों को PT और मेंस दोनों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा.हालांकि परीक्षा के सटीक पैटर्न, प्रश्नों की संख्या, अंक, निगेटिव मार्किंग और मेरिट तैयार करने के नियम की अंतिम पुष्टि BPSC की आधिकारिक अधिसूचना से ही होगी
अभी से शुरू कर दें तैयारी
TRE 4 में पदों की संख्या भले ही 32 हजार से ज्यादा है, लेकिन उम्मीदवारों की संख्या भी बड़ी रहने की उम्मीद है .ऐसे में सिर्फ आवेदन करने से काम नहीं चलेगा अभ्यर्थियों को अपने संबंधित विषय के सिलेबस के साथ सामान्य अध्ययन और परीक्षा में पूछे जाने वाले अन्य हिस्सों की तैयारी भी व्यवस्थित तरीके से करनी होगी.
उम्मीदवार इन बातों का रखें ध्यान
आवेदन की तारीख और अंतिम तिथि का ध्यान रखें
अपनी पात्रता को आधिकारिक नोटिफिकेशन से जरूर जांचें
आवेदन से पहले जरूरी दस्तावेज तैयार रखें
परीक्षा पैटर्न में किसी भी बदलाव की जानकारी BPSC से ही लें
एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें
