पटना: बिहार पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा की शुरुआत आज से शुरू हो रही है. पात्रता परीक्षा को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने व्यापक तैयारियां की है साथ ही किसी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं. यह परीक्षा आज से शुरू होकर आगामी 6 दिसंबर तक कंप्यूटर बेस्ड होगी. इसके लिए अभ्यर्थियों का एडमिट कार्ड पहले ही जारी किया चुका है. बिना एडमिट कार्ड के अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा को लेकर BSEB ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि अपने एडमिट कार्ड पर लिखे सभी दिशा निर्देशों को पढ़ कर उसका पालन करना सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा केंद्र पर किसी तरह की परेशानी न हो. इसके लिए अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्र में मोबाइल, घड़ी, बैग, ब्लूटुथ, समेत अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर प्रवेश करना प्रतिबंधित होगा. परीक्षा केंद्र में सिर्फ एडमिट कार्ड, बॉल पेन और फोटो लेकर ही अभ्यर्थी प्रवेश कर पाएंगे.
BSEB ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि हाथ पर मेंहदी, नेल पॉलिश या अन्य कोई स्याही लगा कर न पहुंचे, इससे बायोमैट्रिक मिलान में दिक्कत आ सकती है. वहीं परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी केंद्र से बाहर नहीं जा सकेंगे. अभ्यर्थियों को लॉगिन आईडी पासवर्ड परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले अपनी सीट पर उपलब्ध करा दिया जाएगा.
बता दें कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 7:30 बजे से होगी. सुबह 8:30 बजे परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा. वहीं, दूसरी पाली के लिए रिपोर्टिंग दोपहर 1:30 बजे से होगी. दोपहर 2:30 बजे गेट बंद कर दिया जाएगा.