Bihar

मोकामा में डिवाइडर से टकराई कार, पति-पत्नी और चालक समेत तीन की मौत

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

मोकामा (MOKAMA) : बिहार के मोकामा में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पटना-मोकामा फोरलेन पर शिवनार गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में कार में सवार पति-पत्नी और चालक समेत तीन लोगों की जान चली गई. मृतक खगड़िया जिले के रहने वाले बताए गए हैं. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तीनों पटना से खगड़िया की ओर लौट रहे थे. मोकामा थाना क्षेत्र के शिवनार गांव के नजदीक पहुंचने के दौरान अचानक कार से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया. इसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई.

डायल 112 पर मिली हादसे की सूचना

दुर्घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. तीनों को मोकामा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतकों में खगड़िया सदर प्रखंड के दक्षिणी माड़र निवासी डॉ. ब्रजकिशोर के पुत्र पवन कुमार, उनकी पत्नी और कार चालक मोहम्मद सदरे आलम शामिल हैं. इस घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार के आगे के हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा. चालक मोहम्मद सदरे आलम का शव ड्राइविंग सीट पर फंस गया था. पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला. मोकामा पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. मृतकों के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है.

TagsBihar