Bihar

बक्सर के शिवपुरी मोहल्ले में युवक की हत्या, शव मिलने से फैली सनसनी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

बक्सर (BUXAR) : बिहार के बक्सर जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित शिवपुरी मोहल्ले में एक युवक का शव मिलने से लोगों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया है. वार्ड संख्या-35 में गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की जानकारी मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

पीट-पीट कर हत्या किए जाने की आशंका

मृतक की पहचान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौसी गांव निवासी ओम पांडे के रूप में हुई है. वह कमलेश पांडे के पुत्र बताए गए हैं. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर बेरहमी से पीट-पीटकर की गई और बाद में शव को शिवपुरी मोहल्ले में लाकर फेंक दिया गया.

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव से कुछ दूरी पर एक चाहरदीवारी के पास खून से सना एक फुल टी-शर्ट भी मिला है. पुलिस ने इसे अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है. मौके से अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए गए हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

घटना से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सके

घटना की गंभीरता को देखते हुए बक्सर सदर डीएसपी गौरव पांडे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे. उनके साथ फॉरेंसिक जांच टीम और अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए. इसके साथ ही पुलिस आसपास के कई घरों में जाकर लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सके.

डीएसपी गौरव पांडे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने और इसमें शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है

इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और नगर थाना पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. घटना के बाद शिवपुरी मोहल्ले सहित पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है.

 

TagsBihar