बक्सर: बड़ी खबर बक्सर से है जहां एक कार और बाइक में टक्कर हो गई जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 जख्मी हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों के साथ पुलिस राहत बचाव कार्य में जुट गई और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटना बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के समीप एनएच 319ए की है. बताया जा रहा है कि गुरुवार की देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित कार और बाइक की टक्कर हो गई जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी और पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए. घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां एक की इलाज के दौरान मौत हो गई. कार सवार तीन मृतक की पहचान यूपी के गाजीपुर जिला के भातवरा गांव निवासी के रूप में हुई, जबकि चौथे मृतक की पहचान सोनपा गांव के भांजा के रूप में हुई.
घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा गया. हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.