बक्सर: एक तरफ लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य की तैयारी जोरों पर है तो दूसरी तरफ खरना की शाम एक छोटी सी भूल से बक्सर के विधायक ही बदल गए. इस मामले को लेकर बक्सर के विधायक पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा ने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की है तथा सवाल किए. उन्होंने इस मामला को अपमानित करने की साजिश बताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष भी उठाने की बात कही. हालांकि अधिकारियों ने इसे महज भूल बताया है.
किया जा रहा था लेज़र शो का रिहर्सल
दरअसल बक्सर में रामरेखा घाट पर रविवार और सोमवार को आयोजित होने वाले लेजर शो का रिहर्सल किया गया था. नगर निगम के बुलावे पर दिल्ली की कंपनी ने गंगा नदी में पानी के फव्वारे से करीब 100 फीट ऊंची स्क्रीन तैयार की गई थी जिस पर छठ महापर्व की महत्ता और मुख्यमंत्री का संदेश दिखाया गया था. लेजर शो के दौरान स्थानीय विधायक आनंद मिश्रा की जगह पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी की तस्वीर विधायक के रूप में बनाई गई. इस लापरवाही पर स्थानीय विधायक आनंद मिश्रा नाराज हो गए और अधिकारियों को जम कर डांट पिलाई.
अधिकारियों ने कहा भूल
मामले को लेकर नगर निगम के अधिकारियों ने भूल बताया तथा कहा कि कार्यक्रम से पहले वीडियो का सत्यापन नहीं किया गया था इसलिए यह भूल हुई है. अधिकारियों की सफाई के बाद विधायक और भी भड़क गए और इसे अपमानित करने की साजिश करार दे दिया. उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही की वजह से कोई अश्लील समाग्री भी प्रदर्शित किया जा सकता था. विधायक ने नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी पर जानबूझ कर साजिश करने का आरोप लगाया तथा कहा कि उन्हें नौकरी छोड़ कर राजनीति ही करना चाहिए. वहीं घटना को लेकर विधायक के समर्थकों में भी गहरा आक्रोश देखा गया.
डीएम भी थी मौजूद
बता दें कि इस कार्यक्रम के दौरान डीएम साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे. हालांकि, यह विवादित हिस्सा जिला पदाधिकारी (डीएम) साहिला के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले ही प्रसारित हो चुका था. गौरतलब है कि छठ महापर्व के अवसर पर रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए पहली बार गंगा की लहरों पर भव्य लेजर शो की व्यवस्था की गई है. दिल्ली से आई विशेषज्ञों की टीम द्वारा तैयार इस शो का शनिवार शाम गंगा में स्टीमर पर सफल परीक्षण किया गया, जिसका मुख्य प्रसारण रविवार की शाम और सोमवार की सुबह अर्घ्य के समय होगा.