Bihar

बेतिया में टला बड़ा हादसा! टेंपो को बचाने के दौरान पोखरा में पलटी यात्री बस, 20 यात्री बाल-बाल बचे

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

बेतिया (BETTIAH): बेतिया से मैनाटाड़ जा रही एक यात्री बस पूर्वी पकुहवा के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पोखरा में पलट गई. बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि बस में सवार करीब 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

बेतिया से मैनाटाड़ की ओर आ रही यात्री बस पलटी

बताया जा रहा है कि यात्री बस बेतिया से मैनाटाड़ की ओर आ रही थी. पूर्वी पकुहवा के पास पोखरा के समीप एक मोड़ पर अचानक सामने से एक टेंपो आ गया. टेंपो को बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर पोखरा में पलट गई.

बस चालक और खलासी मौके से फरार

हादसे के बाद बस चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. वहीं बस को पोखरा में पलटा देख आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने बिना देर किए पोखरा में उतरकर बस में फंसे यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला. स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण यात्रियों को समय रहते बस से निकाला जा सका.

सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी

घटना की सूचना मिलने पर सीओ सुमंत कुमार, मैनाटाड़ थानाध्यक्ष बब्लू कुमार और पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया. हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी.जिसे पुलिस ने हटाकर यातायात को सामान्य कराया.

बस में करीब 20 यात्री सवार थे

मैनाटाड़ थानाध्यक्ष बब्लू कुमार ने बताया कि बस में करीब 20 यात्री सवार थे. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.बस पोखरा में पलटने के बावजूद बड़ा हादसा टल गया.

 

TagsBihar