Bihar

नल-जल योजना में रिश्वतखोरी का खुलासा,निगरानी विभाग ने पंचायत सचिव को घूस लेते दबोचा

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

नरकटियागंज (WEST CHAMPARAN): पश्चिम चम्पारण जिले के नरकटियागंज में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई नल-जल योजना के मेंटेनेंस भुगतान के मामले में की गई.

पंचायत सचिव ने रिश्वत की मांग की थी

जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना के संवेदक परवेज कौशर से भुगतान कराने के बदले पंचायत सचिव ने 28 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी. आरोप है कि रिश्वत नहीं देने पर संवेदक को लगातार परेशान किया जा रहा था और भुगतान में बाधा डाली जा रही थी.

संवेदक ने ACB में शिकायत दर्ज कराई

इससे परेशान होकर संवेदक ने 27 जुलाई को निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने पूरे मामले की जांच की. जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया और घूस की पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लेते हुए पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.

घूस लेते निगरानी ने रंगे हाथ दबोचा

बताया गया कि आरोपी पंचायत सचिव मलदहिया मदरसा में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान रिश्वत की रकम ले रहे थे. जैसे ही उन्होंने पैसे लिए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया.

महत्वपूर्ण दस्तावेज और कागजात जब्त

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम ने पंचायत सचिव के आवास पर भी छापेमारी की. इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य आवश्यक कागजात जब्त किए गए है. इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मामले में कोई और अनियमितता तो नहीं हुई है.

कार्रवाई के बाद इलाके में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. निगरानी विभाग के डीएसपी सुभाष चंद्र जयसवाल ने बताया कि नल-जल योजना के संवेदक से रिश्वत लेने के दौरान पंचायत सचिव को 15 हजार रुपये के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

TagsBihar