बाढ़ (BIHAR) : अनुमंडल के अथमलगोला थाना में तैनात एएसआई अंजनी कुमार सिंह का तौलिया पहने फरियादी से बातचीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई. राजद के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए राज्य सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं.
लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए
करीब दो मिनट के वायरल वीडियो में एएसआई तौलिया पहने एक फरियादी से केस से जुड़े जरूरी दस्तावेज लेते हुए दिखाई दे रहे हैं. उनके पास एक अन्य पुलिसकर्मी वर्दी में बैठा नजर आ रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
एएसआई अंजनी कुमार सिंह ने अपनी सफाई भी दी है
मामले पर एएसआई अंजनी कुमार सिंह ने अपनी सफाई भी दी है. उन्होंने बताया कि वह शौचालय जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान नालंदा से आए कुछ लोग, जिनकी चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद हुई थी, उनका नाम लेकर थाना परिसर में खोज रहे थे. उन्होंने शोर सुनकर उसी अवस्था में वहां पहुंचकर फरियादियों से एफआईआर की कॉपी, मोटरसाइकिल के कागजात और आधार कार्ड की प्रति ले ली ताकि उन्हें अधिक देर तक इंतजार न करना पड़े. इसके बाद वह शौचालय चले गए.
एएसआई का कहना है कि उसी समय थाना पहुंची एक महिला शिक्षिका ने उनका वीडियो बना लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. उनके अनुसार महिला का मामला टाटा शहर से जुड़ा था, जिसे उन्होंने संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी थी. उनका आरोप है कि वीडियो जानबूझकर वायरल किया गया.
एएसआई अंजनी कुमार सिंह निलंबित
हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई की. ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसआई अंजनी कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि विभागीय अनुशासन और सेवा आचरण के नियमों का पालन सभी पुलिसकर्मियों के लिए अनिवार्य है. अब इस पूरे मामले की आगे जांच की जा रही है.
