मोकामा (MOKAMA) : पटना जिले के मोकामा क्षेत्र में पंचमहला और मरांची थाना की सीमा के पास रामपुर डुमरा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. हादसे में एक बाइक पर सवार एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से अमरेश कुमार की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
संतुलन बिगड़ने से बाइकसवार कंटेनर से टकरा गया
स्थानीय लोगों के अनुसार, बेगूसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव निवासी शोभा देवी, अरविंद कुमार और अमरेश कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर लखीसराय की ओर जा रहे थे. रामपुर डुमरा गांव के पास बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और बाइक लखीसराय की ओर से आ रहे एक कंटेनर से टकरा गई. बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाइक के पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवारों को कुचल दिया और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
घायलों को मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तीनों घायलों को मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. इलाज के दौरान अमरेश कुमार की मौत हो गई. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर को जब्त कर लिया है. वहीं, फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस ने अमरेश कुमार के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
