हाजीपुर (HAZIPUR): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ प्रभावित वैशाली और सारण जिलों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री सबसे पहले वैशाली जिले के हाजीपुर पहुंचे. यहां उन्होंने जढूआ इलाके में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण कर प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली.
सामुदायिक किचन की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, रहने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था देखी. उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के लिए संचालित सामुदायिक किचन का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से भोजन वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया. उन्होंने केंद्र में मौजूद बच्चों से मुलाकात की और उनके लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की सहायता
बाढ़ के दौरान डूबने की घटनाओं में जान गंवाने वाले करीब आधा दर्जन लोगों के आश्रितों को मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता प्रदान की. पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये के चेक सौंपे गए. इसके अलावा राहत शिविर और प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री भी वितरित की गई. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में लोगों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन प्रशासन लगातार राहत कार्यों में जुटा हुआ है. उन्होंने बताया कि गंगा के जलस्तर में गिरावट दर्ज की जा रही है और पानी लगभग 17 से 18 सेंटीमीटर नीचे गया है.
अगले दो-तीन दिनों में स्थिति बेहतर होने की संभावना
मुख्यमंत्री के अनुसार बाढ़ का पानी लगातार कम हो रहा है और फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं. प्रभावित इलाकों में प्रशासनिक अधिकारी राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि जलस्तर में इसी तरह कमी जारी रही तो अगले दो से तीन दिनों के भीतर बाढ़ प्रभावित लोगों को काफी राहत मिल सकती है.
