Bihar news: बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए तबादले से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंचने वाली है. म्यूचुअल और सरप्लस शिक्षकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग के बाद ऐच्छिक ट्रांसफर के लिए आवेदन शुरू किए जाएंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक शिक्षक 17 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इस प्रक्रिया में करीब तीन लाख शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है.
17 से 23 सितंबर तक मिलेगा आवेदन का मौका
ऐच्छिक ट्रांसफर के इच्छुक शिक्षकों के लिए पोर्टल 17 सितंबर से खोला जाएगा. आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 23 सितंबर निर्धारित है. शिक्षक उपलब्ध विकल्पों के अनुसार पसंदीदा स्कूल का चयन कर सकेंगे. हालांकि, पसंद भरने मात्र से उसी स्कूल में पोस्टिंग सुनिश्चित नहीं होगी. अंतिम आवंटन रिक्त पदों और विभाग के निर्धारित नियमों के आधार पर किया जाएगा.इस चरण में उन शिक्षकों को भी अवसर मिलने की बात कही गई है, जिनका म्यूचुअल ट्रांसफर पूरा नहीं हो पाया. इसके अलावा वर्ष 2025 में स्थानांतरण का लाभ प्राप्त कर चुके शिक्षक भी ऐच्छिक ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकेंगे. इससे आवेदन करने वाले शिक्षकों की संख्या काफी अधिक रहने की संभावना है.
16 सितंबर को सामने आएंगी स्कूलों की रिक्तियां
ऐच्छिक ट्रांसफर से पहले स्कूलों में उपलब्ध वास्तविक रिक्त पदों को अंतिम रूप दिया जाएगा. तय कार्यक्रम के अनुसार 16 सितंबर को रिक्तियों का प्रकाशन होना है. म्यूचुअल और सरप्लस शिक्षकों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्तियों का डाटा सॉफ्टवेयर में लॉक किया जाएगा. इन्हीं पदों के आधार पर आगे स्कूल आवंटित होंगे. ट्रांसफर प्रक्रिया में विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त शिक्षक बनाए रखने की चुनौती का भी सामना करना पड़ सकता है. बड़ी संख्या में शिक्षक शहर या सुविधाजनक स्थानों के स्कूल चुन सकते हैं. ऐसे में स्कूल आवंटन करते समय विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसका ध्यान रखना महत्वपूर्ण होगा.
31 अक्टूबर तक फाइनल लिस्ट का लक्ष्य
31 अक्टूबर तक फाइनल लिस्ट का लक्ष्यशिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र के साथ जाति, श्रेणी और दिव्यांगता संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन भी अहम होगा. किसी दस्तावेज पर संदेह होने की स्थिति में संबंधित शिक्षक का ट्रांसफर सत्यापन पूरा होने तक रोका जा सकता है. टाइमलाइन के अनुसार 10 से 14 सितंबर के बीच म्यूचुअल ट्रांसफर की प्रक्रिया, 16 सितंबर को रिक्तियों का प्रकाशन और 17 से 23 सितंबर तक ऐच्छिक ट्रांसफर के आवेदन होंगे. इसके बाद 24 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच अंतिम ट्रांसफर सूची जारी करने की प्रक्रिया चलेगी. योजना के मुताबिक प्रक्रिया समय पर पूरी हुई तो छठ की छुट्टियों के बाद शिक्षक आवंटित नए स्कूलों में योगदान कर सकेंगे.
