Bihar

'जो हुआ गलत हुआ', भारत भूषण तिवारी के परिवार से मिले रितेश पांडे, दोषियों पर सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
'जो हुआ गलत हुआ', भारत भूषण तिवारी के परिवार से मिले रितेश पांडे, दोषियों पर सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग

आरा (BHOJPUR) : भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. इस मामले में न्याय की मांग को लेकर विभिन्न लोग और सामाजिक संगठन उनके परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं. इसी क्रम में भोजपुरी गायक रितेश पांडे भी भारत भूषण तिवारी के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया.

लोकप्रिय गायक रितेश पांडे पहुंचे

इसी कड़ी में भोजपुरी फिल्म और संगीत जगत के लोकप्रिय गायक रितेश पांडे भारत भूषण तिवारी के घर पहुंचे. उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिया.

सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए

मीडिया से बातचीत में रितेश पांडे ने कहा कि जिस तरह की बातें सामने आ रही हैं, उससे हर कोई यही कह रहा है कि जो हुआ वह गलत हुआ है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके. यदि जांच में किसी की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.

रितेश पांडे ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि यदि इस एनकाउंटर में किसी पुलिसकर्मी की भूमिका गलत पाई जाती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना निष्पक्ष जांच के न्याय से वंचित नहीं किया जाना चाहिए.

पूरी घटना की जानकारी दी

मुलाकात के दौरान भारत भूषण तिवारी के परिजनों ने भी रितेश पांडे को पूरी घटना की जानकारी दी. परिवार ने सरकार से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग दोहराई। परिजनों का कहना है कि उन्हें न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.

रितेश पांडे के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक और स्थानीय लोग भी भारत भूषण तिवारी के घर के बाहर जुट गए. पूरे क्षेत्र में इस मुलाकात को लेकर काफी चर्चा रही. वहीं, भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए है.