Bihar

आरा में एक ही परिवार पर दूसरी बार टूटा दुखों का पहाड़, बड़े भाई के बाद छोटे भाई की भी हत्या

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
आरा में एक ही परिवार पर दूसरी बार टूटा दुखों का पहाड़, बड़े भाई के बाद छोटे भाई की भी हत्या

आरा (BHOJPUR) : भोजपुर जिले के आरा शहर में पैसों के पुराने विवाद ने एक और जान ले ली. नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने 28 वर्षीय युवक चंदन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी. चंदन के बड़े भाई की भी पहले हत्या हो चुकी थी. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

मृतक की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के श्री टोला मोहल्ला निवासी चंदन यादव, पिता विजय यादव के रूप में हुई है. वह बस स्टैंड के पास मिठाई की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे.

लंबे समय से चल रहा था विवाद

परिजनों के अनुसार, चंदन यादव का कुछ लोगों से पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते धीरज यादव समेत चार नामजद हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी. गोली उनके दाहिने सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

इलाके में अफरा-तफरी मच गई

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद आरा सदर एसडीपीओ, नगर थाना प्रभारी, नवादा थानाध्यक्ष और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए.

परिवार ने दूसरे बेटे को भी खो दिया

इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है. चंदन यादव दो भाइयों में छोटे थे. इससे पहले उनके बड़े भाई की भी हत्या हो चुकी थी. अब परिवार ने अपने दूसरे बेटे को भी खो दिया है. चंदन अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं. उनकी मां और दूसरी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृतक की मां ने आरोप लगाया कि पैसों के विवाद को लेकर उनके बेटे की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है. वहीं, नगर थाना प्रभारी देवराज राय ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.