Bihar

भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में भरत तिवारी की तेरहवीं में हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद, परिवार ने सरकार से रखीं बड़ी मांगें

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

भोजपुर (ARRAH) : भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में भरत तिवारी की तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित किया गया है. जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में करीब 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है. बड़ी संख्या में लोगों के आने को देखते हुए गांव और आसपास के इलाकों में व्यापक तैयारियां की गई हैं.

किसी तरह की परेशानी न हो

बताया जा रहा है कि गांव के पास खेतों में दो बड़े टेंट लगाए गए हैं. श्रद्धांजलि सभा और श्राद्ध कर्म के बाद सभी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है. बैठने के लिए बड़ी संख्या में कुर्सियां और खाट भी मंगाई गई हैं ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.

प्रशासन भी स्थिति पर नजर

गौरतलब है कि 17 जून को भरत तिवारी की पुलिस इनकाउंटर में मौत हुई थी. इस घटना के बाद से मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. तेरहवीं के अवसर पर परिवार और समर्थकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी की संभावना को देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

आर्थिक सहायता प्रदान की जाए

इधर, इस आयोजन के बीच भरत तिवारी के परिजनों ने बिहार सरकार से कई मांगें रखी है. परिवार का कहना है कि बिलौटी गांव में भरत तिवारी की प्रतिमा स्थापित की जाए. साथ ही उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाए और परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए.

कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग

परिजनों ने यह भी मांग की है कि जिस गांव के लिए भरत तिवारी संघर्ष कर रहे थे, उस गांव का नाम बदलकर 'शहीद भरत तिवारी जवइनिया' रखा जाए. इसके अलावा 17 जून को हुए पुलिस इनकाउंटर की कार्रवाई में शामिल एसडीएम, एसडीपीओ और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है.

बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की तैयारी

फिलहाल, तेरहवीं के कार्यक्रम को लेकर गांव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की तैयारी है. वहीं परिवार की मांगों पर सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. प्रशासन पूरे आयोजन पर नजर बनाए हुए है.

 

TagsBihar