Bihar

रिश्वत लेते ही दबोचा गया राजस्व कर्मचारी, भोजपुर में ACB का भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
रिश्वत लेते ही दबोचा गया राजस्व कर्मचारी, भोजपुर में ACB का भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

आरा ( BHOJPUR) : भोजपुर जिले में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गड़हनी अंचल कार्यालय में तैनात एक राजस्व कर्मचारी को दाखिल-खारिज के बदले 3,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई एक शिक्षक की शिकायत के बाद की गई.

अवैध रूप से मांगी जा रही थी राशि

जानकारी के अनुसार, गड़हनी प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले शिक्षक रामदेव राम ने निगरानी विभाग, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के एक मामले को निपटाने के लिए गड़हनी अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार उनसे 3,500 रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं. शिक्षक का कहना था कि यह राशि अवैध रूप से मांगी जा रही थी.

निगरानी विभाग ने मामले की जांच की

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच की. जांच में आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई. इसके तहत निगरानी टीम ने जाल बिछाकर गड़हनी अंचल कार्यालय में छापेमारी की. जैसे ही राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार ने शिक्षक से 3,500 रुपये की रिश्वत ली, निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के बाद निगरानी अधिकारियों ने आरोपी कर्मचारी से पूछताछ की. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम उन्हें अपने साथ पटना ले गई, जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी.

किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा

निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. वहीं, इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी कार्यालयों में चर्चा का माहौल है. सरकारी कर्मचारियों के बीच भी हलचल देखा जा रहा है.

स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी पर लगाम लगेगी. निगरानी विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत करें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.