भोजपुर (BHOJPUR) : भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर लोगों का लगातार आना-जाना लगा हुआ है. विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के साथ-साथ आम लोग भी पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं. इसी कड़ी में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भरत तिवारी के घर पहुंचीं और उनके परिजनों से मुलाकात की.
ज्योति सिंह के पहुंचते ही माहौल भावुक हो गया. भरत तिवारी की मां और बहन उन्हें देखते ही गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगीं. इस दौरान ज्योति सिंह ने परिवार को ढांढस बंधाया और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए.
परिवार से मुलाकात के बाद ज्योति सिंह ने कहा कि जब जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले ही लोगों के लिए भय का कारण बन जाएं तो लोगों का डरना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि भरत तिवारी के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और परिवार को न्याय मिलना चाहिए.
ज्योति सिंह ने यह भी कहा कि भरत तिवारी के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक आवाज उठाई जाती रहेगी. उनके इस बयान के बाद मामले को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं.
इस दौरान बड़ी संख्या में लोग भी ज्योति सिंह के साथ मौजूद रहे. उनके गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से भी लोग वहां पहुंच गए. पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली. ग्रामीणों ने भी परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और न्याय की मांग दोहराई. भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर लगातार समर्थन बढ़ता जा रहा है. पीड़ित परिवार से मिलने वालों का सिलसिला जारी है और लोग न्याय की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं.
