☰
Bihar

सम्राट सरकार में अपराधियों की खैर नहीं, पटना में पुलिस ने 3 को किया ढेर तो भोजपुर में भी एक अपराधी को मारी गोली

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

भोजपुर: बिहार में सम्राट चौधरी की पुलिस इन दिनों अपराधियों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. एक तरफ अहले सुबह राजधानी पटना में तीन हत्यारोपियों को ढेर कर दिया तो दूसरी तरफ भोजपुर में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर के हत्यारोपी का एनकाउंटर किया है. मुठभेड़ भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंगपुर मोड़ के समीप हुई. पुलिस ने घायल अपराधी को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हथियार बरामदगी के दौरान रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर की हत्या के मुख्य आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसमें एक गोली पुलिस गाड़ी के बोनट में भी लगी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो उसके पैर में लगी.

मुठभेड़ में जख्मी अपराधी की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी निवासी पवन यादव के रूप में की गई. मुठभेड़ के बाद मौके पर पहुंचे एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी पवन यादव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था. पूछताछ के दौरान उसने हथियार की जानकारी दी थी जिसे बरामद करने के लिए पुलिस पहुंची थी. इस दौरान अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसमें एक गोली गाड़ी के बोनट पर लगी है. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसे लगी जिसके बाद वह गिर गया. पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है.

मामले में एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी पवन यादव भोजपुर के आरा में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर राम कुमार सिंह की हत्या में मुख्य शूटर था. बता दें कि बीते 15 अक्टूबर की अहले सुबह रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह मॉर्निंग वॉक के लिए निकल रहे थे. इसी दौरान उनके घर के बाहर ही अपराधियों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग की भी जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी. मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. पूछताछ के दौरान आरोपी पवन यादव ने हथियार की जानकारी दी, जिसकी बरामदगी के दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी.

TagsBihar