भोजपुर (BHOJPUR): आरा में जमीन कारोबारी पर पूर्व के विवाद को लेकर अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थी, जहां जमीन कारोबारी गंभीर रूप से जख्मी हो गया था. ऐसे में उसे इलाज के लिए आरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.
दरअसल जख्मी जमीन कारोबारी राजू यादव, गजराजगंज थाना क्षेत्र के चौकीपुर पासवान चौक का निवासी बताया जा रहा है. इधर अपराधियों के द्वारा की गई गोलीबारी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक बाइक पर सवार दो लोग अचानक घटनास्थल के पास पहुंचते हैं और सड़क के बगल में खड़े जमीन कारोबारी को गोली मार देते हैं. इस दौरान वह गंभीर रूप से जख्मी हो जाता है.
इधर घटना के बाद कारोबारी को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बताया जा रहा है कि पूर्व के विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है. पूर्व में जमीन कारोबारी के बेटे का अपहरण करने का प्रयास किया गया था, जिसका केस गजराजगंज थाने में दर्ज कराया गया था. इसे लेकर लगातार केस उठाने की धमकी लोगों के द्वारा दी जा रही थी. साथ ही लगातार गोली मारने की धमकी दी जा रही थी जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया है. वहीं इस घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में लगी हुई है और जांच जारी है.
