भोजपुर (BHOJPUR): भोजपुर जिले में पुलिस को खुलेआम पिस्तौल दिखाकर चुनौती देने वाले युवक के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से मचे हड़कंप के बीच भोजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को मुठभेड़ में घायल कर दिया है. घायल युवक की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी के रूप में हुई है. फिलहाल उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है.
दरअसल, बीते दिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक पुलिसकर्मियों के सामने पिस्तौल लहराते हुए दिखाई दे रहा था. वीडियो में वह फिल्मी अंदाज में संवाद बोलते हुए पुलिस को चुनौती देता और उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाता नजर आया. इस वीडियो ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए थे.
हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी थी, लेकिन वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान भरत तिवारी के रूप में की गई. वीडियो सामने आने के बाद शाहपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शुरुआती जांच में पुलिस ने दावा किया था कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और पिछले दो से तीन वर्षों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है.
पुलिस के मुताबिक युवक के इस व्यवहार के पीछे उसकी मानसिक अस्थिरता एक कारण हो सकती है, लेकिन उसके हाथ में हथियार का होना सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय था. इसी वजह से पुलिस यह पता लगाने में जुटी थी कि आखिर उसके पास पिस्तौल कहां से आई और वह लाइसेंसी थी या अवैध.
इसी बीच बुधवार को युवक द्वारा कथित तौर पर फिर से पुलिस को चुनौती दिए जाने की सूचना मिली. इसके बाद भोजपुर एसपी मिस्टर राज के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की. बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान पुलिस और युवक के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें भरत तिवारी गोली लगने से घायल हो गया. स्थानीय सूत्रों के अनुसार युवक को तीन गोलियां लगी हैं, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है. वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिले में हड़कंप का माहौल है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल मामले पर ज्यादा कुछ बोलने से बच रहे हैं.
उधर, इस मामले को लेकर राजनीतिक बयान भी सामने आए हैं. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में कहा था कि अपराधी या तो बिहार छोड़ दें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे में भोजपुर पुलिस की यह कार्रवाई भी चर्चा का विषय बनी हुई है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के पास हथियार कहां से आया और वायरल वीडियो के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और बिना पुष्टि के किसी भी वीडियो या जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें.