Bihar

भोजपुर में दर्दनाक हादसा, छत से गिरकर महिला शिक्षिका की मौत, स्कूल और इलाके में शोक

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

आरा (BHOJPUR) : भोजपुर जिले के पिरो में एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय महिला शिक्षिका ममता कुमारी की छत से गिरकर मौत हो गई. घटना के बाद स्कूल और इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी

जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय ममता कुमारी छत्तीसगढ़ के शिवपुर बिलासपुर की रहने वाली थी. वह भोजपुर जिले के पिरो में रहकर प्लस-2 उच्च विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी. बताया जा रहा है कि ममता पिरो में किराये के मकान में रहती थी.

हादसे में उनकी मौत हो गई.

मिली जानकारी के अनुसार, ममता कुमारी अपने किराये के मकान की छत पर जाने के दौरान अचानक गिर गई. गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आई. घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें बचाने का प्रयास किया गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही पिरो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने स्कूल की इंचार्ज अलका कुमारी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस ने घटना की जानकारी मृत शिक्षिका के परिजनों को भी दे दी है. परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है.

विद्यालय परिवार को गहरा दुख पहुंचा

इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है. वहीं, स्कूल की इंचार्ज अलका कुमारी ने बताया कि ममता कुमारी की मौत छत से गिरने के कारण हुई है. उन्होंने कहा कि ममता एक मेहनती और जिम्मेदार शिक्षिका थी. उनकी असामयिक मौत से विद्यालय परिवार को गहरा दुख पहुंचा है.

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. वहीं, शिक्षिका की अचानक हुई मौत से स्कूल के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग काफी दुखी है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

 

TagsBihar