☰
Bihar

दिवाली की रात छठ गीत बजाने को लेकर विवाद, स्कॉर्पियो सवार ने कई लोगों को रौंदा, 2 की गई जान

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

भोजपुर: बड़ी खबर भोजपुर से है जहां बीती रात एक मामूली विवाद में सरफिरे ने करीब 10 लोगों को रौंद दिया जिसमें दो की मौत हो गई वहीं कई अन्य लोग जख्मी हैं. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि मामूली विवाद में सरफिरे ने इस बड़ी घटना को जानबूझ अंजाम दिया. घटना भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव की है जहां दिवाली की रात छठ का गीत बजाने के विवाद में सरफिरे ने स्कॉर्पियो से करीब 10 लोगों को रौंद दिया. इतना ही नहीं रौंदने के बाद गाड़ी की स्पीड कम करने के बजाय उसने लोगों को करीब 100 मीटर तक घसीटा भी और स्थानीय लोगों ने पीछा किया उसके बाद मौके से फरार हो गया.

घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गांव में सूर्य मंदिर पर छठ का गीत बज रहा था. इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति पहुंचा और उसने गीत बंद करने के लिए कहा और धमकी दी. इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और गाली गलौज तक पहुंच गई जिसके बाद स्कॉर्पियो सवार वहां से चला गया. कुछ देर बाद स्कॉर्पियो चालक वापस वहां पहुंचा और गाड़ी की रफ्तार बढ़ा कर खड़ा हो कर बात रहे कई लोगों को रौंद दिया. जा दौरान उसने कई लोगों को 50 से 100 मीटर तक घसीटा भी और जब स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया तब वह मौके से भाग निकला.

इधर स्कॉर्पियो की चपेट में आने से कई लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए थे जिन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. घटना में दो लोगों की मौत हो गई जिसमें एक की पहचान कमलेश यादव और दिनेश यादव के रूप में की गई. सदर अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि पांच से 6 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था. इसमें कमलेश यादव की मौत अस्पताल पहुंचने के दौरान हो गई वहीं दिनेश यादव के सीने पर गाड़ी चढ़ने और अंदरूनी चोट की वजह से मौत हो गई. घटना के बाद बिहिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. फिलहाल घटनास्थल पर लोगों में तनाव व्याप्त है जबकि पुलिस मौके पर कैंप कर रही है.

TagsBihar