आरा (BHOJPUR) : जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले ने एक बार फिर राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और वाराणसी संसदीय क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अजय राय मृतक भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिलने उनके गांव पहुंचे. उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख: जताया और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया. इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए.
बेहद दुखद और चिंताजनक
अजय राय ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मौत बेहद दुखद और चिंताजनक है. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस की कार्यशैली निष्पक्ष नहीं है और सरकार के इशारे पर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कानून का राज होना चाहिए, लेकिन जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है.
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है. अजय राय ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना निष्पक्ष जांच के इस तरह जान गंवानी पड़े, यह स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन
कांग्रेस नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भरत भूषण तिवारी की मौत के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें सख्त सजा नहीं मिली तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी.
अजय राय के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां जुट गए. परिजनों ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी और न्याय की मांग दोहराई. इस दौरान गांव में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए.
