☰
Bihar

भोजपुर में पूर्व विवाद को लेकर बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, धारदार हथियार से किए गए कई वार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

भोजपुर(BHOJPUR): भोजपुर जिले में पूर्व के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका के शरीर पर सिर, गर्दन, हाथ और पीठ सहित कई स्थानों पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं. परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव स्थित बधार की है. मृतका की पहचान गांव की 72 वर्षीय चिंता देवी के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, चिंता देवी शुक्रवार को धान के खेत में गई थीं. इसी दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए आरा सदर अस्पताल ले गए. हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया. मृतका की बहू लीलावती देवी ने बताया कि लगभग डेढ़ महीने पहले आरोपी पक्ष का एक व्यक्ति नशे की हालत में उनकी देवरानी के घर में घुस गया था. उस समय उसके साथ मारपीट की गई थी. इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश को लेकर चिंता देवी को निशाना बनाया गया.

लीलावती देवी के अनुसार, उनकी सास धान के खेत में गई थीं. इसी दौरान आरोपित व्यक्ति ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में वह बुरी तरह घायल हो गईं. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी.

घटना के संबंध में उदवंतनगर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने बताया कि आपसी विवाद को लेकर बुजुर्ग महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा सकें. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर भी मामले की जांच की जा रही है. बुजुर्ग महिला की मौत के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घर में शव पहुंचते ही परिवार के सदस्यों के बीच चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

TagsBihar