☰
Bihar

स्कूल जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ा था 15 वर्षीय छात्र, बाइक सवार अपराधियों ने सीने में मारी गोली

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

भोजपुर (BHOJPUR): बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं. ताजा मामला रोहतास जिले से जुड़ा है, जहां स्कूल जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़े 15 वर्षीय छात्र को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायल छात्र को इलाज के लिए आरा शहर के महावीर टोला स्थित मेडिकॉन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां जनरल सर्जन डॉ. सौरभ प्रिंस की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है.

घायल छात्र की पहचान
घायल छात्र की पहचान आशीष कुमार (15 वर्ष), पिता दिनेश सिंह, ग्राम कैथी, थाना कछवा, जिला रोहतास के रूप में हुई है. वह औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित ज्ञान गंगा इंटर स्कूल में पढ़ाई करता है.

स्कूल जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ा था छात्र
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब 5:55 बजे आशीष कुमार अपने घर से लगभग 800 मीटर दूर कैथी के जागु टोला स्थित बस स्टैंड के समीप स्कूल जाने के लिए खड़ा था. इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात अपराधियों ने छात्र को गोली मार दी. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए.

घटना के बाद मचा हड़कंप
सुबह-सुबह छात्र को गोली मारे जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. घायल छात्र को तत्काल इलाज के लिए आरा लाया गया, जहां महावीर टोला स्थित मेडिकॉन हॉस्पिटल में उसका उपचार जारी है.

अपराधियों की पहचान और गोली मारने के कारणों का खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है. घटना के पीछे की वजह क्या है और अपराधियों ने छात्र को निशाना क्यों बनाया, यह जांच का विषय है. मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी. फिलहाल घायल छात्र का इलाज जारी है और परिजनों को उसके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है.