☰
Bihar

भागलपुर में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत NDA के कई दिग्गज नेता करेंगे पदयात्रा

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

भागलपुर: बिहार की राजनीति में पहले से भरी सरगर्मी है और इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पदयात्रा करने जा रहे हैं. नितिन नबीन सोमवार को भागलपुर में लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा के तहत भागलपुर में मौजूद रहेंगे. पदयात्रा की पूरी तैयारी कर ली गई है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की यात्रा लाजपत पार्क से शुरू हो कर शहर के कई प्रमुख मार्गों से गुजरेगी. इस यात्रा में बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री दीपक प्रकाश, मंत्री संतोष कुमार सुमन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत एनडीए के और भी कई दिग्गज नेता शामिल होंगे. भाजपा के अभियान में एनडीए के सभी घटक दलों के नेता के शामिल होने से इस पदयात्रा को एनडीए की शक्ति और एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है.

पदयात्रा की औपचारिक शुरुआत से पहले लाजपत पार्क में एक जनसभा भी आयोजित की जाएगी जिसमें सभी दिग्गज नेता अपना संबोधन भी देंगे. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यक्रम की जानकारी रविवार को नगर विकास मंत्री एवं भाजपा नेता नीतीश मिश्रा ने दी. उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा महज एक राजनीतिक आयोजन नहीं है बल्कि देश में व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए एक बड़ा जन आंदोलन है.

मीडिया को जानकारी देते वक्त मंत्री नीतीश मिश्रा ने राज्य और देश के वर्तमान राजनीतिक माहौल पर भी बात की और जम कर निशाना साधा. उन्होंने विपक्ष पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया और कहा कि इस समय समाज में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है. इसी अराजकता के खिलाफ और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराने के लिए बीजेपी और एनडीए के घटक दल सड़कों पर उतर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि जनता विकास और शांति चाहती है और विपक्ष की इस नकारात्मक राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है.

TagsBihar