Bihar

यात्रीगण कृप्या ध्यान दें... 22 जून तक चलेगी भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
यात्रीगण कृप्या ध्यान दें... 22 जून तक चलेगी भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन

भागलपुर (BHAGALPUR): रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. विक्रमशिला सेतु पर चल रहे मरम्मत और रखरखाव कार्य के बीच रेल यात्रियों की भारी भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे प्रशासन ने भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन के परिचालन को जारी रखने का एक बड़ा निर्णय लिया है. हालांकि, कुछ अनिवार्य तकनीकी और परिचालन संबंधी अपरिहार्य कार्यों के कारण यह ट्रेन 10 जून से 16 जून के बीच आंशिक रूप से शॉर्ट-टर्मिनेट रहेगी और केवल भागलपुर और नवगछिया स्टेशनों के बीच ही संचालित की जाएगी. रेलवे द्वारा यात्रियों की बढ़ती दैनिक जरूरतों को देखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था लागू की गई है, जिससे इस रूट पर सफर करने वाले स्थानीय लोगों, व्यापारियों और नौकरीपेशा वर्ग को आवागमन में किसी बड़ी परेशानी का सामना न करना पड़े.

बताते चले, रेलवे से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 03407 और 03408 भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन का परिचालन आगामी 10 जून से 16 जून के बीच केवल भागलपुर से नवगछिया तक तथा विपरीत दिशा में नवगछिया से खुलकर भागलपुर तक ही किया जाएगा. इस निर्धारित अवधि के दौरान यह ट्रेन कटिहार स्टेशन तक नहीं जाएगी. गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु पर सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित होने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता की पुरजोर मांग पर रेलवे ने इस विशेष ट्रेन सेवा की शुरुआत की थी. यह ट्रेन वर्तमान में भागलपुर, नवगछिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के दैनिक यात्रियों के लिए एक जीवनरेखा साबित हो रही है, जिससे सड़क मार्ग बंद होने के बावजूद लोगों का संपर्क जिला मुख्यालय से बना हुआ है.

रेलवे की प्रारंभिक योजना के तहत इस स्पेशल ट्रेन का संचालन पहले केवल 5 जून तक ही निर्धारित किया गया था, लेकिन विक्रमशिला सेतु पर जारी कार्य की स्थिति और यात्रियों की अत्यधिक मांग को देखते हुए इसके परिचालन की अवधि को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया. रेल प्रशासन ने अब इस ट्रेन को आगामी 22 जून तक चलाने की मंजूरी दे दी है. हालांकि, बीच के सात दिनों (10 से 16 जून) में इसका रूट छोटा रहेगा. रेलवे अधिकारियों ने सभी यात्रियों से किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक पूछताछ काउंटर या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) के माध्यम से ट्रेन के समय और परिचालन से संबंधित ताजा अपडेट की जानकारी प्राप्त करने की विशेष अपील की है.