Bihar

फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता, कमरे के हालात देख परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

भागलपुर (BHAGALPUR):भागलपुर के सबौर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है.जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान सबौर निवासी विजय आनंद की पत्नी पायल कुमारी (23) के रूप में हुई है.घटना के बाद परिजनों और मायके पक्ष ने कई सवाल उठाए हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है.

 फर्श पर खून के निशान मिलने से बढ़ा रहस्य

जानकारी के अनुसार, पायल की शादी 24 नवंबर 2025 को विजय आनंद के साथ हुई थी.शनिवार सुबह जब पायल ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों ने आवाज लगाई. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया.पति विजय आनंद का दावा है कि कमरे के अंदर पायल फंदे से लटकी हुई थी.उसे नीचे उतारकर तुरंत जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

एफएसएल की टीम ने अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह पहुंचकर जांच की

घटना की सूचना मिलते ही बरारी कैंप थाना पुलिस और सबौर थाना पुलिस सक्रिय हो गई.शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम ने अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह पहुंचकर जांच की.टीम ने कमरे से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए है.

मृतका की बहन ट्विंकल कुमारी ने घटना को लेकर कई सवाल खड़े किए है.उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था, हालांकि विवाद की वजह की जानकारी उन्हें नहीं थी.उन्होंने सवाल उठाया कि पायल रोज सुबह जल्दी उठ जाती थी, फिर घटना वाले दिन उसे समय पर क्यों नहीं देखा गया और परिवार वालों ने सुबह की बजाय करीब 11 बजे सूचना क्यों दी.

मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं

ट्विंकल ने यह भी दावा किया कि जब वह घटना के बाद कमरे में पहुंची तो वहां पंखे से एक सूती कपड़ा लटका हुआ था और फर्श पर खून के निशान भी दिखाई दे रहे थे.ऐसे में मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं पैदा हो गई है.इधर, सूचना मिलने के बाद खगड़िया से मृतका के मायके वाले भी मायागंज अस्पताल पहुंच गए.पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

TagsBihar