Bihar

भागलपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
भागलपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश

भागलपुर (BIHAR) : भागलपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं. इस कार्रवाई को वाहन चोरी और उससे जुड़े अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

तीन आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा

जानकारी के अनुसार, लोदीपुर थाना क्षेत्र के कोढ़ा गांव निवासी पवन मंडल ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत मिलने के बाद लोदीपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राहुल कुमार, मिथुन कुमार और देवानंद कुमार को गिरफ्तार किया.

चोरी की 4 बाइक पुलिस ने बरामद किया

पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने कई अहम जानकारियां दीं. इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की. गिरफ्तार राहुल कुमार और मिथुन कुमार झारखंड के गोड्डा जिले के पत्थरगामा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि देवानंद कुमार बांका जिले के धनकुंड थाना क्षेत्र का निवासी है.

कई इलाकों में सक्रीय था गिरोह

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी अतुलेश झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में किया जाता था. गिरोह बिहार और झारखंड के कई इलाकों में सक्रिय था.

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें कहां-कहां बेची गईं और इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है.

पुलिस ने लोगों से अपील की

भागलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति या चोरी के वाहन की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.