☰
Bihar

भागलपुर से CM सम्राट चौधरी की बड़ी सौगात, बिहार में शिक्षा को नई रफ्तार, 211 महाविद्यालयों को मिली मान्यता

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

भागलपुर (BHAGALPUR) : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर दौरे के दौरान शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. गौराडीह प्रखंड के काशील खरबा गांव में नवस्थापित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर जिले और गांव तक बेहतर शिक्षा की सुविधा पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि अब छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

भागलपुर से ही रिमोट के माध्यम से शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने भागलपुर से ही रिमोट के माध्यम से राज्य के 211 महाविद्यालयों को मान्यता देने की प्रक्रिया का भी शुभारंभ किया. उन्होंने इसे बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का काम कर रही है.

इसी वर्ष नए उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया शुरू होगी

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार चाहती है कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े. इसके लिए राज्य में नए उद्योग लगाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इसी वर्ष नए उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर भविष्य मिलेगा.

सीएम ने महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दिया

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि अब तक करीब 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सरकारी सहायता राशि भेजी जा चुकी है. साथ ही उन्होंने घोषणा की कि सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर 25 जुलाई को उन सभी पात्र महिलाओं के खातों में भी सहायता राशि भेजी जाएगी, जो अब तक इस योजना का लाभ नहीं ले सकी हैं.

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा, रोजगार और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए राज्य को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री के इस दौरे और घोषणाओं से भागलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. कार्यक्रम में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे.

 

TagsBihar