भागलपुर (BHAGALPUR) : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर" के तहत भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के सातो-काड़ी कादो गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 263 ग्राम ब्राउन शुगर, 12.100 किलोग्राम ब्राउन शुगर बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, तीन डिजिटल वेट मशीन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
अवैध मादक पदार्थों का भंडारण और खरीद-बिक्री
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के एक मुर्गी फार्म की आड़ में अवैध मादक पदार्थों का भंडारण और खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव-2 और शिवनारायणपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया.
गठित टीम ने मुर्गी फार्म पर विधिवत छापेमारी की. तलाशी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर और मादक पदार्थ बनाने की सामग्री बरामद की मौके से मो. रुखानी, पिता मो. मीर तैयब, निवासी सातो-काड़ी कादो, थाना शिवनारायणपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया गया.
प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके.
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है. इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
