भागलपुर (BHAGALPUR) : भागलपुर में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. मृतक टोटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पूरे परिवार में मातम पसरा
जिले के बरारी थाना क्षेत्र के सुरखीकल निवासी सुनील कुमार की ट्रेन से कटकर जान चली गई. सुनील कुमार पेशे से टोटो चालक थे. इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.
पति-पत्नी में हुई थी कहा-सुनी
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले सुनील कुमार की पत्नी चंदा देवी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. विवाद के बाद उन्होंने अपने टोटो की चाबी घर में रख दी और पत्नी से कहा कि वह पंजाब जा रहे हैं.हालांकि, वह पंजाब नहीं गए. इसके बजाय वह हवाई अड्डा के पास गोपालपुर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के समीप पहुंच गए, जहां कोई रेलवे स्टेशन भी नहीं है.
मृतक के भाई विपीन कुमार ने बताया कि गुस्से में सुनील कुमार काफी देर तक वहां ट्रेन का इंतजार करते रहे. जैसे ही ट्रेन वहां से गुजरी, वह ट्रैक के पास पहुंच गए और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलने पर सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना क्षेत्र में होने की बात सामने आई. इसके बाद ग्रामीणों ने कई बार औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना पुलिस को सूचना दी. परिजनों का आरोप है कि करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस दुखद घटना के बाद मृतक के घर में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. चार मासूम बच्चों के सर से पिता का साया उठ जाने से परिवार गहरे सदमे में है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
