Bihar

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भागलपुर में भव्य तिरंगा यात्रा, बिहुला-विषहरी की झांकी बनी आकर्षण

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

भागलपुर (BHAGALPUR) : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भागलपुर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला. शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा और जदयू के नेता, कार्यकर्ता, समर्थक तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए लोगों ने भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया.

यात्रा की शुरुआत जिला स्कूल मैदान से हुई

तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भागलपुर विधायक रोहित पांडे ने किया. यात्रा की शुरुआत जिला स्कूल मैदान से हुई. यहां से बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़े. यात्रा के दौरान जगह-जगह देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया. युवाओं और कार्यकर्ताओं ने जोश के साथ नारे लगाए और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.तिरंगा यात्रा का खास आकर्षण भागलपुर की प्रसिद्ध लोकगाथा पर आधारित बिहुला-विषहरी की झांकी रही. झांकी के माध्यम से भागलपुर की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक पहचान की झलक प्रस्तुत की गई. तिरंगा यात्रा के बीच स्थानीय संस्कृति से जुड़ी झांकी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया.

राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह, महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, बिहार भाजपा की महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर, भाजपा नेता अमर सिंह कुशवाहा, निरंजन शाह, भाजपा महामंत्री श्वेता सुमन, भाजपा नेत्री श्वेता सिंह और रतन मंडल समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. इसके अलावा जदयू के नेताओं, कार्यकर्ताओं और कई सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी तिरंगा यात्रा में भाग लिया. स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया. राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकले लोगों और भारत माता के जयकारों ने लोगों में राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया.

 

 

TagsBihar