Bihar

सुलतानगंज में श्रावणी मेले का भव्य आगाज, 'बोल बम' के जयकारों से गूंजा गंगा तट

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

भागलपुर (BHAGALPUR) : बिहार के भागलपुर जिले के सुलतानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट पर विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का भव्य शुभारंभ हो गया. मेले की शुरुआत के साथ ही पूरा क्षेत्र 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा. पहले ही दिन लाखों शिवभक्तों की भीड़ सुलतानगंज पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए अपनी पैदल यात्रा शुरू की.

शिव भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय

करीब 98 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है. कांवरियों के कंधों पर सजी रंग-बिरंगी कांवर, डमरू की गूंज और शिव भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है. सुलतानगंज के घाटों, मुख्य सड़कों और विश्राम शिविरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. जगह-जगह सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की ओर से सेवा शिविर लगाए गए हैं जहां कांवरियों के लिए भोजन, पेयजल, प्राथमिक उपचार और विश्राम की व्यवस्था की गई है.

जिला प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं

श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और आपातकालीन सहायता केंद्र बनाए गए हैं. इसके अलावा रेल और सड़क यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं

श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा भोलेनाथ के प्रति उनकी अटूट आस्था उन्हें हर वर्ष सुलतानगंज से देवघर तक की कठिन पैदल यात्रा करने की प्रेरणा देती है. वहीं भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पूरी तरह सतर्क है तथा सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं.

श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही सुलतानगंज एक बार फिर शिवभक्ति और आस्था के सबसे बड़े केंद्र के रूप में श्रद्धालुओं से गुलजार हो उठा है.

 

TagsBihar