Bihar

सुल्तानगंज में पहली बार कांवड़ियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा, सावन की दूसरी सोमवारी पर आसमान से बरसे फूल

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

भागलपुर (BHAGALPUR) : बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम में सावन की दूसरी सोमवारी पर खास नजारा देखने को मिला. बिहार सरकार के निर्देश पर पहली बार हेलिकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई. आसमान से फूल बरसते देख कांवड़ियों में उत्साह का माहौल बन गया और पूरा क्षेत्र बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा.

हेलिकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

हेलिकॉप्टर के माध्यम से अजगैविनाथ मंदिर परिसर के साथ-साथ कांवरिया पथ और धांधली बेलारी स्थित कांवरिया धर्मशाला में भी श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए. इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कांवड़ियों ने पुष्प वर्षा का स्वागत किया. सावन के पवित्र महीने में सुल्तानगंज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर बाबा धाम की यात्रा पर निकलते हैं. दूसरी सोमवारी को लेकर भी अजगैविनाथ धाम और कांवरिया पथ पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली. इसी बीच हेलिकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा ने कांवड़ यात्रा को और खास बना दिया.

 पूरा इलाका भक्तिमय

पुष्प वर्षा के दौरान भागलपुर की डीएम अलंकृता पाण्डेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव भी अजगैविनाथ मंदिर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर पुष्प वर्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस अवसर पर जिला और प्रखंड स्तर के दर्जनों पदाधिकारी भी मौजूद रहे. वहीं हजारों कांवड़ियों की मौजूदगी के कारण अजगैविनाथ धाम का पूरा इलाका भक्तिमय नजर आया. सुल्तानगंज में पहली बार हेलिकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा सावन की दूसरी सोमवारी का प्रमुख आकर्षण बनी. आसमान से बरसते फूलों के बीच कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था.

 

TagsBihar