भागलपुर(BHAGALPUR): नाथनगर थाना क्षेत्र से लापता हुई पांच बच्चियों को पटना जंक्शन से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. बच्चियों के अचानक गायब होने से इलाके में हड़कंप मच गया था. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके दौरान सभी बच्चियां पटना जंक्शन पर मिलीं.
जानकारी के अनुसार सभी बच्चियां नाथनगर के लालूचक इलाके की रहने वाली हैं और एक ही मोहल्ले की हैं. इनकी उम्र लगभग 8 से 10 वर्ष बताई जा रही है. पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि वे घूमने के उद्देश्य से घर से निकली थीं. बताया जा रहा है कि पिछले एक साल से सभी सहेलियां कहीं बाहर घूमने जाने की योजना बना रही थीं.
बच्चियां घर से करीब 1500 रुपये लेकर निकली थीं और अपने साथ कपड़ों से भरा बैग भी रखा था. पहले वे हावड़ा-जयनगर ट्रेन में सवार होकर हाथीदह स्टेशन पहुंच गईं, जहां सभी ने गंगा स्नान भी किया. लेकिन ट्रेन और स्टेशन की सही जानकारी नहीं होने के कारण वे गलत दिशा में पहुंचते-पहुंचते पटना पहुंच गईं.
पटना जंक्शन पर संदिग्ध स्थिति में घूम रही बच्चियों को देखकर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया. इसकी सूचना तुरंत भागलपुर पुलिस और परिजनों को दी गई.
फिलहाल सभी बच्चियां सुरक्षित हैं और उन्हें उनके परिवार के हवाले करने की प्रक्रिया चल रही है. इस घटना ने अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों और मानसिक स्थिति पर ध्यान देने की बड़ी सीख दी है.
